न्यूयार्क। बाजार में मौजूद गर्भनिरोधक गोली अब पुरुषों के लिए भी जल्द उपलब्ध होगी। शोधकर्ताओं ने ऐसे यौगिक की खोज की है जो शुक्राणु की गतिशीलता पर नियंत्रण रख सकता है। यह निषेचन की क्षमता को कम कर सकता है। इसका इस्तेमाल करके पुरुषों के लिए भी अब निरोध की गोली बनाई जा सकती है जो आबादी नियंत्रण के लिए कारगर उपाय साबित हो सकती है। ईपी055 नामक यह यौगिक शुक्राणु की गतिशीलता को शिथिल कर देता है और इससे हार्मोन पर भी असर नहीं होता है।
शोध में दावा किया गया है कि इस यौगिक से पुरुष-गोली बनाई जा सकती है जो जन्म दर को नियंत्रित करने में कारगर साबित होगा और इसका कोई दुष्प्रभाव भी नहीं होगा। वर्तमान में पुरुषों के लिए कंडोम और नसबंदी के उपाय उपलब्ध हैं। परीक्षण के तौर पर इसका उपयोग नर बंदरों पर किया गया, जिसमें कोई दुष्प्रभाव नहीं पाया गया।






















