लखनऊ। केजीएमयू के लॉरी कॉर्डियोलॉजी में शुक्रवार को एक घटना हुई। इस घटना में दो मजदूर घायल हो गए। दोनों मजदूर विभाग में काम कर रहे थे कि अचानक ही दूसरे तल की दीवार गिर गई। दीवार गिरने की सूचना से वहां अफरातफरी मच गई। विभाग के अधिकारियों ने दोनों मजदूरों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां पर एक की हालत नाजुक बताई गई है। जबकि दूसरे मजदूर को प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है।
लॉरी कॉर्डियोलॉजी के दूसरे तल पर कैथ लैब का निर्माण चल रहा है। उसी दौरान निर्माणाधीन दीवार गिर गई। दीवार गिरने से मजदूर दब गए। शोर सुनकर वहां भीड़ जुट गई। लोगों ने तुरंत ही दीवार का मलबा हटाया। उसी दौरान सूचना पर वहां अस्पताल से जुड़े कुछ अधिकारी पहुंचे। उन्होंने मजदूरों को ट्रॉमा सेंटर भिजवाया।
न्यूरो सर्जरी वार्ड में भर्ती मजदूर
ट्रॉमा में हालत नाजुक एक मजदूर को प्राथमिक इलाज देकर डॉक्टरों ने तुरंत ही वहां से छुट्टी दे दी। जबकि दूसरा मजदूर बहराइच जरवल निवासी मो. वकील गंभीर रूप से जख्मी है। उसके सिर पर भी चोट आई है। उसको न्यूरो सर्जरी वार्ड में भर्ती रखा गया है। ट्रॉमा में मौजूद वकील के रिश्तेदार जावेद ने बताया कि करीब साढ़े 11 बजे उन्हें घटना की जानकारी मिली। इसके बाद वह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। कैजुएलिटी के इंचार्ज डा. धीरेंद्र पटेल ने बताया कि मजदूर के सिर में गंभीर चोट आई है। उसे न्यूरो सर्जरी वार्ड में भेज दिया गया है।