लंदन। मॉरीशस विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में पाया है कि आपके किचन में रखा तौलिया आपके भोजन को विषाक्त बना सकता है। अगर आपके घर में ऐसा है तो आप सतर्क हो जाइए। ऐसा खाना खाना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है।
ई-कोलाई की मौजूदगी
शोधकर्ताओं ने कहा कि इन तौलियों में ईकोलाई जैसे हानिकारक बैक्टीरिया की मौजूदगी की संभावना ज्यादा रहती है। शोधकर्ताओं ने यह भी पाया कि जिन रसोईघरों में मांसाहार पकाए जाते हैं, उनमें रखे तौलियों में ई-कोलाई की मौजूदगी की संभावना ज्यादा होती है। शोधकर्ताओं ने रसोईघर में एक महीने तक इस्तेमाल किए गए लगभग 100 तौलियों का परीक्षण करने पर यह नतीजा पाया है। ई-कोलाई आमतौर पर मनुष्यों और पशुओं की आंत में पाया जाता है।
संक्रमण का डर
शोधकर्ताओं ने कहा कि रसोईघर के तौलियों का, बरतन पोछने से लेकर हाथ पोछने तक कई कामों में इस्तेमाल होता है। इससे उनके कई तरह के बैक्टीरिया या रोगाणु से दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है। रोगाणुओं से दूषित तौलिया उनके प्रसार का जरिया बन सकता है।