डेस्क। आप आपने दांतों को लेकर अगर सजग नहीं हैं तो आपको पायरिया नामक बीमारी हो सकती है। खाने के बाद मुंह की साफ-सफाई न करने से दांतों में कई प्रकार की बीमारियां शुरू हो जाती हैं। सांसों की बदबू, मसूड़ों में खून और दूसरी तरह की कई परेशानियां पायरिया के लक्षण हैं। यह बीमारी आज के दौर में सामान्य हो गई है। इस बीमारी में दांत असमय गिर सकते हैं। पायरिया की समस्या होने पर जल्द से जल्द चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए।
पायरिया शरीर में कैल्शियम की कमी होने से मसूड़ों की खराबी और दांत-मुंह की साफ-सफाई में कोताही बरतने से होता है। इस रोग में मसूड़े पिलपिले और खराब हो जाते हैं और उनसे खून आता है। सांसों की बदबू की वजह भी पायरिया को ही माना जाता है।
लक्षण
पायरिया होने पर सांसो में तेज दुर्गंध शुरू हो जाती है। मसूड़ों में सूजन होने लगती है। दांत कमजोर होकर हिलने लगते हैं। गर्म और ज्यादा ठंडा पानी पीने पर दांत संवेदनशील हो जाते हैं और लोग उसे बर्दाश्त नहीं कर पाते हैं। मसूडों से मवाद आना शुरू हो जाता है। मसूड़ों को दबाने में और छूने पर दर्द होता है। पायरिया की शिकायत होने पर मसूडों से खून निकलने लगता है। दो दांतों के बीच की जगह बढ़ जाती है, दांतों में गैप होने लगता है।