लखनऊ। बलरामपुर अस्पताल के हड्डी रोग विशेषज्ञों ने झांसी के एक मरीज का कंधे के पिछले हिस्से की हड्डी में हुए ट्यूमर का ऑपरेशन करके उसे बाहर निकाला है। इस जटिल ऑपरेशन के बाद मरीज का कंधा ठीक से काम कर रहा है। मरीज की हालत में सुधार हो रहा है।
कंधे के पिछले हिस्से में गांठ
झांसी के हरीशचंद्र त्रिपाठी (18) को उसके कंधे के पिछले हिस्से में दर्द शुरू हुआ। उसने तुरंत ही स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया औैर दवाओं से इलाज के बाद दर्द ठीक नहीं हुआ। करीब सात माह पहले कंधे के पिछले हिस्से में गांठ महसूस हुई। इसकी वजह से दर्द के साथ कंधा चलाना भी मुश्किल हो गया। धीरे-धीरे गांठ ट्यूमर में तब्दील होने लगा।
झांसी मेडिकल कॉलेज में संसाधनों का अभाव
31 मई को मरीज बलरामपुर अस्पताल की ओपीडी में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. जीपी गुप्ता को दिखाया गया। डॉ. गुप्ता ने मरीज के लिए जरूरी जांचें लिख दीं। पता चला कि उसे कंधे की हड्डी में ट्यूमर है, उसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का फैसला किया। पांच जून को सुबह डॉक्टरों की टीम ने मरीज का सफल ऑपरेशन करके कंधे के पिछले हिस्से के ट्यूमर को निकाल दिया। मरीज हरीशंचद्र के मुताबिक इससे पहले उसने झांसी मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों को दिखाया था। वहां पर उसे भर्ती कर जांच की गई। उसके बाद उचित संसाधनों का अभाव बताकर ऑपरेशन से मना कर दिया था।