लखनऊ। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की हड़ताल के चलते मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को दूसरे दिन भी कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। कार्य सेवा समाप्त होने के चलते सैकड़ों कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय का घेराव किया और ज्ञापन सौंपा। गौरतलब है कि सिविल, लोकबंधु और बलरामपुर अस्पताल में इन दिनों डायरिया, बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। ऐसे में हड़ताल के चलते सैकड़ों मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ रहा है।
अस्पतालों में बेहाल रहे मरीज
बलरामपुर, सिविल, लोकबंधु, झलकारीबाई, डफरिन सहित अन्य अस्पतालों में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सुबह आठ से 10 बजे तक हड़ताल की। सरकारी अस्पतालों में टी एंड एम कंपनी के तहत स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, वार्ड बॉय की तैनाती की गई थी। इनकी कार्य सेवा 30 सितम्बर को समाप्त हो जाएगी। कंपनी ने कर्मचारियों को पत्र के माध्यम से सूचना दे दी है। हड़ताल के चलते ओपीडी से लेकर इमरजेंसी तक में अफरा-तफरी मची रही। मरीजों की भर्ती प्रक्रिया और खून के नमूने की जांच में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां तक कि दवा के लिए भी मरीजों को भटकना पड़ा। लोकबंधु के सीएमएस डॉ. शाहिद जमा का कहना है कि हड़ताल की वजह से मरीजों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा। पूरी रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी गई है।
यहां मरीजों का हंगामा
हड़ताल का खासा असर बलरामपुर व सिविल अस्पताल में भी देखने को मिला। यहां हड़ताल के चलते खून के नमूने एकत्र करने में परेशानी आई। मरीजों को दो-तीन घंटे लाइन में खड़ा होना पड़ा। इससे नाराज मरीजों ने वहीं हंगामा करना शुरू कर दिया। सैकड़ों की संख्या में मरीज बिना इलाज लौट गए। काफी मरीजों को दवाएं नहीं मिली। एक कर्मचारी ने कहा कि जब तक मांगे नहीं मांगी जाएंगी हड़ताल जारी रहेगी। उसने तीन महीने से सैलरी न मिलने की भी बात कही।
गर्भवती बेहाल
वहीं अवंतीबाई अस्पताल में सिर्फ दो कर्मचारियों भरोसे ही पर्चे बनाए गए। यहां सुबह नौ बजे से ओपीडी ब्लॉक मरीजों से खचाखच भर हुआ था। जनरल वार्ड में सफाईकर्मी न होने से सफाई नहीं हो सकी। लेबर रूम में एक ही नर्स होने से तीमारदारों को दवा व मरीज की जरूरत की अन्य चीजों के लिए विभागों में दौड़-भाग करना पड़ा। झलकारीबाई में इस समय एक भी क्लर्क न होने से ओपीडी संचालन ध्वस्त है।