लखनऊ। केजीएमयू में अब मरीजों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। अब डॉक्टर एक क्लिक पर मरीज की एमआरआई रिपोर्ट देख सकेंगे। हम उन मरीजों की बात कर रहे हैं जो डॉक्टर के पास एमआरआई जांच रिपोर्ट दिखाने के लिए परेशान रहते हैं। यह सुविधा इसी हफ्ते से लागू हो जाएगी। इससे मरीजों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
अब एमआरआई रिपोर्ट भी ऑनलाइन होगी
पेट व हड्डी से जुड़ी दूसरी बीमारियों की भी डॉक्टर अक्सर ही एमआरआई जांच कराने की सलाह देते हैं। डॉक्टरों को रिपोर्ट दिखाने के लिए मरीज भटकते हैं। ऐसे में डॉक्टरों की तलाश करते मरीजों का इलाज भी प्रभावित होता है। एक नई सुविधा के तहत अब एमआरआई रिपोर्ट भी ऑनलाइन होगी। यह सुविधा लागू होते ही डॉक्टर घर बैठे भी रिपोर्ट देख सकेंगे। यही नहीं रिपोर्ट देखने के बाद डॉक्टर सलाह भी दे सकेंगे।
यह भी मिलेगी सुविधा
आईटी सेल के प्रभारी डॉ. संदीप भट्टाचार्या ने बताया कि एमआरआई जांच रिपोर्ट को ऑनलाइन करने की सुविधा दो से तीन दिन में शुरू होगी। इसका फायदा मरीजों को मिलेगा। जल्द ही सिटी स्कैन जांच रिपोर्ट भी ऑनलाइन की जाएगी। इसकी कवायद आखिरी दौर में है। उन्होंने बताया कि पैथोलॉजी व दवा के स्टोर ऑनलाइन हो गए हैं। वार्ड में भर्ती मरीजों को बांटी जा रही दवाइयों की निगरानी हो रही है।
























