लखनऊ। केजीएमयू के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में मरीजों का भारी दबाव है। दबाव का आलम यह है कि बीते शनिवार व रविवार को विभाग स्थित वार्ड में मरीजों की भर्ती नहीं हो पायी। शनिवार से ही वार्ड फुल होने की बात बता मरीजों को वापस किया जा रहा था। वहीं सूत्रों की माने तो शनिवार को कई मरीजों को छुट्टी दे दी गयी थी। जिसके कारण वार्ड में कई बेड खाली हुये थे। उसके बाद भी कई मरीजों की भर्ती नहीं हो पायी।
यह है मामला
शनिवार की दोपहर उन्नाव निवासी दस वर्षीय अंकित को घायल अवस्था में इलाज के लिए परिजन केजीएमयू स्थित ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे थे। ट्रामा सेंंटर में इलाज देने के बाद चिकित्सकों ने आगे के इलाज के लिए प्लास्टिक सर्जरी विभाग भेज दिया। मरीज को स्ट्रेचर पर लेकर परिजन प्लास्टिक सर्जरी विभाग पहुंचे लेकिन वहां पर बेड खाली न होने की बात कह वापस ट्रामा सेंटर भेज दिया। परिजन भर्ती करने का गुहार लगाते रहे। लेकिन उन्हें भर्ती नहीं मिल पायी। अंकित तो बानगी मात्र है। अंकित सरीखे आधे दर्जन से अधिक मरीजों को भर्ती नहीं मिल पायी। इतना ही नहीं प्लास्टिक सर्जरी वार्ड में भर्ती मरीजों ने बताया कि मौजूदा समय मेें एक बेड पर दो-दो मरीजों को रखा गया।