लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। इसे लेकर सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जेई, एईएस आदि रोगों के प्रभावी नियंत्रण के सम्बन्ध में कार्ययोजना बनाकर सभी तैयारियां पूरी किये जाने के अधिकारियों को निर्देश दिये।
नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश
योगी ने कहा है कि जून माह में सभी सम्बन्धित विभाग संचारी रोग नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करें, जिससे कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान को सफलतापूर्वक चलाया जा सके। गत वर्ष संचारी रोगों के नियंत्रण में अच्छी सफलता मिली है। इस वर्ष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को और अधिक तेजी प्रदान करते हुए संचालित किया जाए। उन्होंने सभी सम्बन्धित विभागों को जेई/एईएस के सम्बन्ध में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किये जाने के भी निर्देश दिये हैं।
दवा का छिड़काव नियमित रूप से करें
योगी ने सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों से संचारी रोग नियंत्रण अभियान से सम्बन्धित गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि हर हाल में 15 जून तक सभी तैयारियां पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल की उपलब्धता आवश्यक है। जल निकासी के आवश्यक प्रबन्ध सुनिश्चित किये जाएं। दवा का छिड़काव नियमित रूप से किया जाए।
गंदगी से बढ़ती हैं बीमारियां
उन्होंने कहा कि गन्दगी के कारण इन बीमारियों का प्रकोप बढ़ता है। खुले में शौच से मुक्ति अभियान को शत-प्रतिशत सुनिश्चित किया जाए। पॉलीथीन के उपयोग को हर हाल में रोकने के लिए अभियान चलाया जाए। हैण्डपम्पों की रिबोरिंग और मरम्मत का कार्य सुनिश्चित हो। जन जागरूकता अभियान व्यापक पैमाने पर चलाया जाए। स्कूली बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संचारी रोगों के नियंत्रण के सम्बन्ध में जागरूक किया जाए।