वैसे तो हमारे में शरीर में सभी अंग महत्वपूर्ण होते हैं। लेकिन बात जब लिवर की होती है तो हम और भी सतर्क हो जाते हैं। लिवर का काम यह पाचन ठीक रखने के साथ शरीर में मौजूद टॉक्सिक (विषैले) तत्वों को बाहर निकालने का काम करता है। इससे कई गंभीर बीमारियों से बचाव होता है। आइए जानते है इसकी सेहत का कैसे ख्याल रखा जाए।
मुख्य काम पाचन का
लिवर का मुख्य काम भोजन को पचाना होता है। लिवर में पित्त (बाइल) बनता है। इसमें कई प्रकार के रस होते हैं जिससे भोजन पचता है और शरीर का पीएच लेवल भी ठीक रहता है। लिवर डीटॉक्सिफिकेशन का काम करता है। खानपान और दवाइयों के कारण शरीर में पहुंचने वाले विषैले तत्वों को बाहर भी निकालता है। इसके साथ ही संक्रमण फैलाने वाले बैक्टीरिया और वायरस को भी निष्क्रिय कर हमें सुक्षित रखता है।
कैसे पहचानें लिवर रोग है?
लिवर के कई रोग होते हैं। अधिकतर बीमारियों के लक्षण भी अलग होते हैं। लेकिन इनके सामान्य और शुरुआती लक्षणों में भूख नहीं लगना, उल्टी होना, कमजोरी, जी मिचलाना और पीलिया जैसी समस्याएं दिखती हैं। समस्या बढऩे पर पेट में पानी भरना, खून की उल्टी होना, शरीर में सूजन और बेहोशी आना। साथ ही एसिडिटी, अपच और कब्ज की समस्या भी लिवर रोगों में देखने को मिलती है।
क्या हैं कारण?
गलत खानपान, व्यायाम न करना, वायरस और बैक्टीरिया के इंफेक्शन से लिवर रोग होते हैं। कुछ दवाइयों का अधिक प्रयोग, ब्लड ट्रांसफ्यूजन से भी लिवर की बीमारी होती है। अन्य कारण भी हैं।
शराब जितनी खतरनाक बीयर?
बीयर से भी शराब की तरह लिवर को नुकसान होता है। लिवर के गंभीर रोगियों में 60-70 फीसदी मरीज किसी न किसी रूप में एल्कोहल लेते हैं या लेते थे। लिवर की समस्या से बचना है तो बीयर/शराब बिल्कुल ही न लें। इनसे दूर रहें।
डायबिटीज रोगी?
डायबिटीज के मरीजों में फैटी लिवर की आशंका ज्यादा रहती है। लिवर का काम शुगर लेवल ठीक रखना है। लापरवाही से यह समस्या फैटी स्टेडो हेपेटाइटिस और बाद में लिवर सिरोसिस में बदल जाती है।
कैसे कर सकते हैं बचाव?
लिवर रोगों से बचाव के लिए संक्रमित खाद्य पदार्थ और दूषित पानी से बचें। खाने में पोषक तत्व वाली चीजें शामिल करें। खाना समय से खाएं। देर रात को खाने से बचें। इससे लिवर पर पड़ता असर है। डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करें। समस्या है तो घी से बचें। बाहर खाने से बचें। फलों का रस लेने की जगह सीधे फल ही खाएं।
क्या दवाइयों से होता है नुकसान?
इसे ड्रग्स एंडूयज हेपेटाइटिस कहते हैं। पेनकिलर और टीबी के साथ कुछ अन्य दवाइयों से भी लिवर को नुकसान होता है। गंभीर रोगों की दवा ले रहे हैं और भूख कम लगे, उल्टी आए या पीलिया जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क कर दवा बदलवानी चाहिए।
ठंडी चीजों से संक्रमण ज्यादा?
ठंडी चीजें ज्यादा खाने-पीने से संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है। इनमें संक्रमण वाले वायरस और बैक्टीरिया अधिक समय तक जिंदा रहते हैं। ये गर्म करने पर खत्म हो जाते हैं।