लखनऊ। अखिलेश यादव सरकार में मंत्री रहे गायत्री प्रजापति का किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के यूरोलोजी विभाग में इलाज चल रहा है। वह विगत एक सप्ताह से केजीएमयू में भर्ती हैं। चिकित्सकों के मुताबिक उन्हें पेशाब संबंधी समस्या है। उनका प्रोस्टेट का इलाज केजीएमयू से ही चल रहा है।
प्रोस्टेट की समस्या
पूर्व खनन मंत्री गायत्री प्रजापति लंबे समय से लखनऊ जेल में हैं। उन पर दुष्कर्म का आरोप है। इस मामले में उनके अन्य सहयोगी और काम देखने वाले खास लोग भी जेल की सलाखों के पीछे भेजे गये थे। जेल अधिकारियों के मुताबिक गायत्री का इलाज केजीएमयू से ही हो रहा है। यूरोलॉजी के डॉक्टरों ने पूर्व मंत्री को पेशाब संबंधी समस्या के साथ प्रोस्टेट की समस्या बताई थी। उनकी दवाएं चल रही हैं।
इको होना है
एक सप्ताह पूर्व जेल से सीधे उन्हें केजीएमयू के यूरोलॉजी विभाग में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है। केजीएमयू के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसएन शंखवार ने बताया कि पूर्व मंत्री को प्रोस्टेट, किडनी और हार्ट समेत अन्य कई तरह की समस्या है। उनका इको होना है। करीब एक सप्ताह से वह केजीएमयू के यूरोलोजी विभाग में भर्ती हैं।
























