लखनऊ। केजीएमयू में एक बार फिर डॉक्टरों के समय पर नहीं आने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मुसीबत तब और बढ़ गई जब पुरानी ओपीडी में बिजली गुल हो गई। इससे मरीजों का तीन घंटे इलाज नहीं हो सका। वहीं साढ़े 10 बजे तक कोई भी डॉक्टर ओपीडी नहीं पहुंचा था। इसी दौरान भीषण गर्मी के चलते एक महिला फर्श पर गिर गई और बेहोश हो गई। महिला के परिजनों ने पानी के छीटें देकर होश में लाया और बिना इलाज के ही चले गए।
हंगामा करने के बाद ओपीडी पहुंचे डॉक्टर
सुबह नौ बजे से डॉक्टरों के ओपीडी में बैठने का समय मुकर्रर है। साढ़े 10 बजे तक कई विभागों में डॉक्टर नहीं पहुंचे थे। ओपीडी का संचालन न होने से मरीज नाराज हो गए और हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की बाद आनन-फानन डॉक्टर ओपीडी में पहुंचे। तब जाकर इलाज शुरू हुआ।
गर्मी से बेहाल मरीज-तीमारदारों का हंगामा
बुधवार को सुबह तकनीकी खराबी से पुरानी ओपीडी ब्लॉक की बत्ती गुल हो गई। पंजीकरण के बाद मरीज डॉक्टरों के कमरे के बाहर कतार में खड़े हो गए। बिजली गुल होने से डॉक्टर व कर्मचारी काफी देर तक नहीं आए। ओपीडी ब्लॉक में अफरा-तफरी मच गई। गर्मी से बेहाल मरीज-तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने खिड़की खोली। इसके बाद मरीजों ने राहत की सांस ली। इंजीनियर की मशक्कत के बाद 11 बजे खराबी ठीक की जा सकी।