गोरखपुर। जिला अस्पताल में महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मरीज की मौत के बाद परिवारीजनों ने डॉक्टर व नर्स पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिवारीजनों ने सिलेंडर में ऑक्सीजन खत्म होने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने परिवारी जनों को समझा बुझाकर मामले को शांत करवाया।
यह था मामला
सिकरीगंज निवासी मुन्नी लाल चौरसिया की पत्नी शकुंतला देवी को शुक्रवार की सुबह सांस लेने में तकलीफ हुई। परिवारीजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। सुबह करीब 11 बजे डॉक्टर ने मरीज भर्ती कर न्यू बिल्डिंग स्थित फीमेल मेडिकल वार्ड में शिफ्ट कर दिया। यहां उपचार के दौरान शाम चार बजे महिला की मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद तीमारदार आपे से बाहर हो गए। पुत्र दीपक ने आरोप लगाया कि मां को सांस की बीमारी थी। उनका इलाज निजी चिकित्सक के पास चल रहा था। रिपोर्ट में सबकुछ सामान्य था। आज सुबह जब उन्हें सांस की दिक्कत होने लगी तो जिला अस्पताल में लाया गया। सांस फूलने लगा तो ऑक्सीजन के लिए दौड़ लगाने लगे। ऑक्सीजन सिलेंडर मिला मगर उसमे ऑक्सीजन ही नहीं थी। अपने मुंह से ही ऑक्सीजन देने की कोशिश की फिर भी उन्हें बचा नहीं सका।
जांच कराई जाएगी
वहीं जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. राजकुमार गुप्ता ने कहा कि अस्पताल में महिला की मौत पर हंगामा की सूचना मिली है। भर्ती के दौरान मरीज की हालत खराब थी। उसका बीपी हाई था। डॉक्टर उपचार कर रहे थे। वार्ड में ऑक्सीजन सिलेंडर मौजूद था। परिवारीजनों ने जो आरोप लगाए हैं उनकी जांच कराई जाएगी।