लखनऊ। अनचाहे गर्भ से छुटकारा पाने के लिए अंतरा लॉन्च हुआ है। अगर आपको अंतरा से जुड़े किसी सवाल का जवाब चाहिए तो सिर्फ आपको टोल फ्री नंबर 1800-1033-044 मिलाना होगा और चंद सेकंड्स में आपको परिवार नियोजन की पूरी जानकारी मिल जाएगी।
महाप्रबंधक फेमिली प्लानिंग डॉक्टर पंकज ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि महिलाओं की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए एकप टोल फ्री नम्बर जारी किया गया है। इस नंबर पर कोई भी लाभार्थी निशुल्क जानकारी प्राप्त कर सकता है और अंतरा से संबंधित अपनी समस्याओं का समाधान पा सकता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक करीब 80 हजार महिलायें इसका लाभ ले चुकी हैं।
चिकित्सा अधिकारियों को पत्र जारी
वहीं इस संबंध में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन निदेशक डॉ. पकंज कुमार ने प्रदेश के सभी मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को पत्र भी जारी किया है। पत्र में उन्होंने लिखा है कि वह अपने मंडल और जिले की समस्त इकाईयों जहां इस इंजेक्शन का लाभ दिया जा रहा है इस हेल्पलाइन की सूचना प्रदर्शित करवायें। इसके साथ ही लाभार्थियों के मध्य व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। ताकि लाभार्थी लाभार्थी इस सुविधा का लाभ उठा सके।
केंद्र सरकार द्वारा दो नवीन गर्भ निरोधक-त्रैमासिक इंजेक्शन ‘अंतरा’ और साप्ताहिक गोली ‘छाया] की शुरुआत की गयी थी। अंतरा इंजेक्शन एक प्रभावी गर्भनिरोधक साधन है। इस इंजेक्शन के लगवाने से कभी कभी शारीरिक बदलाव जैसी बातें सामने आती थीं। इन सभी समस्याओं के निराकरण के लिए यह टोल फ्री नंबर जारी किया गया है।
खास बातें
1. टोल फ्री नम्बर की सुविधा नि:शुल्क है और यह सुबह 8 बजे से रात 9 बजे तक परामर्श हेतु उपलब्ध है।
2. यह सेवा केवल उन्ही महिलाओं के लिये उपलब्ध है जिन्होंने अंतरा का इंजेक्शन लगवाया है।
3. अंतरा का पहला इंजेक्शन लगवाते ही लाभार्थी को टोल फ्री नंबर पर फोन कर अपना नाम पंजीकृत करवाना होगा।
4. पंजीकृत होने के बाद महिला केयर लाइन से एक जुड़ाव महसूस करती है। अगले इंजेक्शन की तारीख भी याद दिलायी जाती है।
5. केयर लाइन कोई भी समस्या होने पर उचित परामर्श के साथ संदर्भन से सम्बन्धित जानकारी भी देती है।
6. लाभार्थी की समस्त सूचनाएं गोपनीय रखी जाती हैं।