लखनऊ। यहां एक निजी अस्पताल में बुखार से पीडि़त एक बुजुर्ग की मौत होने पर गुस्साए परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। बताया गया है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने 15 से 20 महंगे इंजेक्शन लगाए थे। इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद ही बुजुर्ग की मौत हो गई।
यह है मामला
काकोरी के कठिनगरा गांव निवासी राम अवतार (65) को बुखार आने पर परिजनों ने उसे रविवार दोपहर मोहान रोड शारदा सहायक नहर स्थित ऑक्सीजन हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। बेटे नीरज ने बताया कि हॉस्पिटल के डॉक्टर इजहार उल हक ने राम अवतार की ब्लड जांच, यूरिन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड सहित कई जांचें कराने के बाद उसे भर्ती करने को कहा। परिजनों ने बुजुर्ग को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करा दिया।
यह लगाया आरोप
नीरज का आरोप है कि पिता को भर्ती करने के बाद हॉस्पिटल डॉक्टरों ने 33 सौ रुपए की कीमत के 15 से 20 इंजेक्शन मंगाए। उनको लगाने से कुछ देर बाद पिता राम अवतार की मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की किडनी पहले से खराब थी। इसके बारे में राम अवतार के परिवारीजनों को पहले ही बता दिया गया था।
परिजनों व डॉक्टरों के बीच गाली गलौज
मौत के बाद मृतक के परिजनों व हॉस्पिटल के डॉक्टरों के बीच जमकर गाली गलौज होने लगी। हंगामे के बाद आसपास के लोग हॉस्पिटल पहुंचकर सर्विस रोड जाम करने लगे। मौत के बाद लोगों ने नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पाकर जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर मोहान रोड चौकी इंचार्ज एसबी सिंह ने पीडि़त पक्ष और डॉक्टरों के बीच सुलह करवा दी। वहीं पीडि़त परिजनों ने जबरन लिखित सुलह समझौता कराने का आरोप लगाया है।