
87 हजार 124 लोगों ने भाग लिया
प्रो. सिन्हा की ओर से 13 जुलाई से ट्विटर के माध्यम से जनमत शुरू किया गया था। इस जनमत में मंगलवार तक 87 हजार 124 लोगों ने भाग लिया। अत्यधिक संख्या में जनसंख्या नियंत्रण कानून के पक्ष में लोगों के मत आने के बाद प्रो. सिन्हा ने अब कानून कैसा हो, इस पर सुझाव देने को कहा है। पोल के साथ पांच हजार से अधिक लोगों ने ट्वीट कर अपनी मंशा जाहिर की है।
पूरे देश में जनमत तैयार किया जाएगा
प्रो. सिन्हा ने बताया कि जनसंख्या नियंत्रण कानून बने या नहीं इस प्रश्न पर ट्विटर पर जो पोल हुआ, उसमें 87 हजार से अधिक लोगों ने भाग लिया और 95 प्रतिशत भागीदारों ने कानून बनाने का समर्थन किया है। पूरे देश में जनमत तैयार किया जाएगा। सभी लोग सहयोग करें तथा कानून कैसा हो इस पर सुझाव आमंत्रित है। उन्होंने बताया कि जनसंख्या विस्फोटक स्थिति में पहुंच रही है।
कानून की अनिवार्यता है
कुछ वर्षों बाद हम विश्व के सबसे अधिक आबादी वाले देश बन जाएंगे, इसलिए कानून की अनिवार्यता है। इसे साम्प्रदायिक और दलीय चश्में से देखना अपने आपको धोखा देने जैसा होगा। उल्लेखनीय है कि बेगूसराय निवासी और राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा से पहले केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह भी लगातार जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग करते रहे हैं तथा बराबर ही लोगों को इसके लिए आगे आने की अपील करते हैं।