
लखनऊ। सीएमओ ने डेंगू के 42 नए मरीजों की पुष्टि की है। फैजुल्लागंज में अब तक कई लोगों की डेंगू और बुखार से मौत हो चुकी है। बाल महिला सेवा संगठन की प्रमुख ममता त्रिपाठी का कहना है कि अब तक 11 लोगों की मौत हुई है। लगातार बुखार और डेंगू के नए मरीज सामने आ रहे हैं। फैजुल्लागंज द्वितीय यश नगर निवासी प्रिया सिंह, भरत नगर के पंकज सिंह (34), एससी मिश्रा (48), ज्योति वर्मा (18) को डेंगू है। वहीं, शशिकान्त पाण्डेय (52) व भरत नगर की कृष्णावती शुक्ला बुखार से पीडि़त हैं।
25 स्थान पर मिला डेंगू का लार्वा
सीएमओ डॉ. नरेंद्र अग्रवाल के निर्देश पर फाइट द बाइट अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 2050 स्थानों पर निरीक्षण किया। इसमें 25 स्थान पर डेंगू का लार्वा मिला। इनमें राम विहार कॉलोनी पारा, तकरोही, गोमती नगर, एलडीए कॉलोनी, अमरुदही बाग, श्रृंगार नगर, रतन खंड प्रमुख इलाके हैं। साथ ही टीम ने आठ स्कूलों में जाकर बच्चों को डेंगू से बचाव एवं रोकथाम के प्रति जागरुक किया। साथ ही इन क्षेत्रों में नगर निगम को फॉगिंग का निर्देश दिया गया।
यहां मिले मरीज
सीएमओ प्रवक्ता योगेश रघुवंशी ने बताया कि चौक, कैसरबाग, डालीगंज, अलीगंज, बालागंज, तालकटोरा, मलिहाबाद, कैम्पवेल रोड, शाहमीना रोड, राजाजीपुरम, न्यू हैदराबाद, पुराना टिकैत नगर, इन्दिरा नगर, गुलिस्तां कॉलोनी, देवा रोड, बुध विहार, चिनहट, वृंदावन, विराट खंड, विभव खंड, रतन खंड, नदवा कॉलेज, दुबग्गा, सालेह नगर, एलडीए कॉलोनी कानपुर रोड, बंगला बाजार में मरीज मिले हैं।
























