नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि देश भर में डेढ़ लाख वेलनेस सेंटर के निर्माण करने का लक्ष्य है जिसे अगले पांच साल में पूरा किया जाएगा। इसके लिए 1200 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। मंत्री ने दूसरे राष्ट्रीय गुणवत्ता सम्मेलन का उद्घाटन किया। उन्होंने देश के विभिन्न भागों से चयनित 91 गुणवत्ता इकाइयों के प्रतिनिधि को उनकी उत्कृष्ठ गुणवत्ता के लिए सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि देश के 18 राज्यों के लोग यहां शामिल हुए हैं। जो राज्य अभी तक मानकों को पूरा नहीं कर पाएं हैं उनको विशेष प्रशिक्षण देने की आवश्यकता है।
चौबे ने कहा कि आयुष्मान भारत ऐतिहासिक लोक कल्याणकारी योजना है। इससे 60 करोड़ लोग प्रत्येक वर्ष 5 लाख रुपये तक का चिकित्सा लाभ प्रति परिवार प्रतिवर्ष निशुल्क ले पाएंगे। आयुष्मान भारत के लिए इस वर्ष के बजट में 2000 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है।