लखनऊ। केजीएमयू ट्रामा के डॉक्टरों ने मंगलवार को एक मजदूर के कांख में धंसी सरिया को निकालकर उसे नई जिंदगी दी है। अब मरीज की हालत में सुधार है और उसे होश आ गया है। मजदूर का नाम सोनू गुप्ता बताया गया है जो कि बारूद खाना क्षेत्र में पुराने मकान को तोडऩे का काम कर रहा था। इसी दौरान वह चोटिल हो गया।
तुरंत की ऑपरेशन की तैयारी
उसके सीने के दाहिनी तरफ कांख में सरिया धंस गई और खून का रिसाव होने लगा। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वजीरगंज थाने की पुलिस ने मजदूर सोनू को ट्रामा में भर्ती कराया। ट्रामा के प्रवक्ता डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि मरीज को करीब दो बजे लाया गया था। तुरंत ही ऑपरेशन की तैयारी की गई।
मांसपेशियों में चोट
मरीज की हालत को देखते हुए ट्रामा सर्जरी विभाग की डॉ. अनीता सिंह व सीनियर रेजीडेंट डॉ. अवतार ने ऑपरेशन शुरू किया। यह ऑपरेशन करीब दो घंटे तक चला। ऑपरेशन सफल रहा और सरिया को बाहर निकाला गया। मरीज के हाथों की मांसपेशियों में चोट आई है।